मुहावरा 31) गरदन झुकाना
अर्थ:- लज्जित होना।
उदाहरण:- मेरा सामना होते ही उसकी गरदन झुक गई।
मुहावरा 32) गरदन पर छुरी फेरना
अर्थ:- अत्याचार करना।
उदाहरण:- उस बेचारे की गरदन पर छुरी फेरते तुम्हें शरम नहीं आती, भगवान इसके लिए तुम्हें कभी क्षमा नहीं करेंगे।
मुहावरा 33) गरदन पर सवार होना
अर्थ:- पीछे पड़ना
उदाहरण:- मेरी गरदन पर सवार होने से तुम्हारा काम नहीं बनने वाला है।
मुहावरा 34) गर्दन पर छुरी चलाना
अर्थ:- नुकसान पहुचाना
उदाहरण:- मुझे पता चल गया कि विरोधियों से मिलकर किस तरह मेरे गले पर छुरी चला रहे थे।
मुहावरा 35) गला घोंटना
अर्थ:- अत्याचार करना।
उदाहरण:- जो सरकार गरीबों का गला घोंटती है वह देर तक नहीं टिक सकती।
मुहावरा 36) गला छूटना
अर्थ:- पिंड छोड़ना।
उदाहरण:- बुरी तरह फँस गया था किन्तु अब गला छूट गया।
मुहावरा 37) गला फँसाना
अर्थ:- बंधन में पड़ना।
उदाहरण:- दूसरों के मामले में गला फँसाने से कुछ हाथ नहीं आएगा।
मुहावरा 38) गले का हार
अर्थ:- बहुत प्यारा।
उदाहरण:- तुम तो उसके गले का हार हो, भला वह तुम्हारे काम को क्यों मना करने लगा।
मुहावरा 39) गले मढ़ना
अर्थ:- जबरदस्ती किसी को कोई काम सौंपना।
उदाहरण:- इस बुद्धू को मेरे गले मढ़कर लालाजी ने तो मुझे तंग कर डाला है।
मुहावरा 40) गागर में सागर भरना
अर्थ:- थोड़े शब्दों में अधिक बातें कहना।
उदाहरण:- बिहारी ने अपने दोहों में ऐसा भाव भरा है,लगता है कवि ने गागर में सागर भर दिया है।
मुहावरा 41) गिरगिट की तरह रंग बदलना
अर्थ:- बातें बदलना।
उदाहरण:- गिरगिट की तरह रंग बदलने से तुम्हारी कोई इज्जत नहीं करेगा।
मुहावरा 42) गुल खिलना
अर्थ:- नयी बात का भेद खुलना, विचित्र बातें होना।
उदाहरण:- सुनते रहिये, देखिये अभी क्या गुल खिलेगा।
मुहावरा 43) गुलछर्रे उड़ाना
अर्थ:- मौज करना।
उदाहरण:- आजकल तुम तो दूसरे के माल पर गुलछर्रे उड़ा रहे हो।
मुहावरा 44) घर का न घाट का
अर्थ:- कहीं का नहीं।
उदाहरण:- तुम्हारी आदत ने तुम्हे न घर का न घाट का बना रखा है।
मुहावरा 45) घाव पर नमक छिड़कना
अर्थ:- दुःख में दुःख देना।
उदाहरण:- राम वैसे ही दुखी है, तुम उसे परेशान करके घाव पर नमक छिड़क रहे हो।
मुहावरा 46) घास खोदना
अर्थ:- फुजूल समय बिताना।
उदाहरण:- सारी उम्र तुमने घास ही खोदी है।
मुहावरा 47) चंपत होना
अर्थ:- भाग जाना।
उदाहरण:- चोर पुलिस को देखते ही चंपत हो गए।
मुहावरा 48) चल बसना
अर्थ:- मर जाना।
उदाहरण:- उसकी माँ अचानक ही चल बसी।
मुहावरा 49) चार चाँद लगाना
अर्थ:- चौगुनी शोभा देना।
उदाहरण:- निबन्धों में मुहावरों का प्रयोग करने से चार चाँद लग जाता है।
मुहावरा 50) चिकना घड़ा होना
अर्थ:- बेशर्म होना।
उदाहरण:- तुम ऐसा चिकना घड़ा हो तुम्हारे ऊपर कहने सुनने का कोई असर नहीं पड़ता।
⇐ 11 से 30 तक के मुहावरों का अर्थ और वाक्य में प्रयोग
51 से 70 तक के मुहावरों का अर्थ और वाक्य में प्रयोग ⇒